समाचार

3 लाख 50 हजार देकर लाए थे सुंदर बहू, शादी के कुछ दिनों बाद ही ननद और पैसा दोनों को ले उड़ी

शादी के बाद नई नवेली दुल्हन के भागने के किस्से आप ने कई बार सुने होगे। अधिकतर मामलों में ये लुटेरी दुल्हन निकलती है जो घर के पैसे और गहने लेकर फरार हो जाती है। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी भगोड़ी दुल्हन से मिलाने जा रहे हैं जो घर से भागते समय अपने साथ न सिर्फ कैश और ज्वेलरी ले गई, बल्कि अपनी 13 साल की नाबालिग ननद को भी ले उड़ी।

3 लाख 50 हजार लेकर लाए थे बहू

यह अनोखा मामला राजस्थान के पुष्कर का है। यहां पंच कुंड रोड पर रहने वाले 28 वर्षीय यतु श्रीवास्तव की शादी 27 मई को झारखंड के जुम्मा रामगढ़ की रहने वाली 25 वर्षीय पूजा से हुई थी। दूल्हा यतु दिव्यांग है। वह सुन और बोल नहीं सकता है। परिवार वाले कब से उसके लिए लड़की तलाश रहे थे। यह रिश्ता झारखंड के रहने वाले पंकज कुमार नाम के शख्स ने करवाया था।

पंकज ने झारखंड की रहने वाली पूजा की भाभी रक्षा एवं एक परिचित उर्मिला से मुलाकात करवा यह शादी तय करवाई थी। पंकज ने शादी के खर्च के लिए लड़केवालों से 3 लाख 50 हजार रुपए भी लिए थे। इसके बाद शादी बड़ी धूमधाम से हुई। शादी के बाद सबकुछ अच्छा चल रहा था। फिर यतु को कुछ काम के चक्कर में बाहर जाना पड़ा। इस बीच 10 जून को उसकी पत्नी पूजा घर से भाग गई।

गहने और ननद को लेकर भाग गई

पूजा भागते समय अपने साथ 13 साल की ननंद को भी ले गई। इतना ही नहीं जाते-जाते उसने अपनी सास शशिबाला और ससुर दयाप्रकाश को कमरे में बंद भी कर दिया। बाद में पता चला कि बहू शादी में दिए 5 तोला सोने के जेवरात, मोबाइल और कैमरा भी अपने साथ ले गई। हालांकि वह अपनी नाबालिग ननद को साथ क्यों ले गई, ये बात किसी के समझ नहीं आई।

परिजनों ने अपने लेवल पर बहू और बेटी को खोजने की कोशिश की। लेकिन जब नहीं मिले तो पुष्कर थाने में केस दर्ज किया। केस दर्ज होने के बाद पुलिस भी काम पर लग गई। पुष्कर थाने के एएसआई अमरचंद के अनुसार पूजा और उसकी ननद को खोजने के लिए सीसीटीवी फुटेज देखें जा रहे हैं। वहीं तस्वीर दिखा पुष्कर बस स्टैंड और अजमेर रेलवे स्टेशन पर भी पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस को बस इतना पता लग पाया है कि पूजा और उसकी ननद झारखंड के लिए रवाना हुए हैं। वहीं पुष्कर पुलिस ने जुम्मा रामगढ़ पुलिस को भी संपर्क कर इस मामले से अवगत कराया है। इधर श्रीवास्तव परिवार बस यही चाहता है कि उनकी 13 वर्षीय बेटी सही सलामत मिल जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button