राशिफल

शुक्र का सिंह राशि में प्रवेश, जानिए किन राशि वालों को मिलेगा शुभ फल, किसका समय रहेगा मुश्किल

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर मनुष्य के जीवन में शुक्र ग्रह की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका मानी गई है। आपको बता दें कि 28 सितंबर को शुक्र कर्क राशि की यात्रा समाप्त करके सिंह राशि में प्रवेश करने जा रहा है और यह इस राशि में 23 अक्टूबर तक रहेगा। शुक्र की राशि परिवर्तन की वजह से सभी राशियों पर शुभ-अशुभ प्रभाव पड़ेगा। आखिर शुक्र का यह राशि परिवर्तन किन राशि वालों के लिए खुशियां लेकर आया है और किन राशियों के लोगों को मुश्किल समय का सामना करना पड़ सकता है? आज हम आपको इसकी जानकारी देने जा रहे हैं।

आइए जानते हैं शुक्र का राशि परिवर्तन किन राशि वालों को देगा शुभ फल

मिथुन राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह तृतीय भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको शुभ फल की प्राप्ति होगी। आपके साहस और पराक्रम में बढ़ोतरी हो सकती है। आपके द्वारा लिए गए निर्णय फायदेमंद साबित होंगे। भाई-बहनों के साथ चल रहे मतभेद दूर होंगे। शुक्र ग्रह की राशि परिवर्तन की वजह से बेरोजगार लोगों को अच्छी नौकरी मिलने की संभावना है। प्राइवेट नौकरी करने वाले लोगों को पदोन्नति मिल सकती है। संतान की तरफ से उन्नति की खुशखबरी मिलने की संभावना है, जिससे आपका मन हर्षित होगा। पति-पत्नी के बीच अच्छे तालमेल बने रहेंगे। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी।

कर्क राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह धन भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको आर्थिक मुनाफा मिलने की संभावना है। आपका रुका हुआ पैसा वापस मिलेगा। धन प्राप्ति के बहुत से मार्ग हासिल हो सकते हैं। घरेलू सुख-साधन बढ़ेंगे। मकान वाहन खरीदने का सपना पूरा हो सकता है। किस्मत के सहारे आपको लाभ के कई अवसर मिल सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत करने की योजना बन सकती है, जिसका भविष्य में भारी फायदा मिलने के योग बन रहे हैं। सामाजिक क्षेत्र में प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

तुला राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह लाभ भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको कई क्षेत्रों से अच्छा फायदा मिल सकता है। किसी पुराने निवेश का अच्छा फायदा मिलेगा। आपके द्वारा की गई मेहनत सफल रहेगी। नौकरी के क्षेत्र में आपका दबदबा बना रहेगा। बड़े अधिकारी आपसे काफी खुश रहेंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। दूर संचार माध्यम से शुभ सूचना मिल सकती है, जिससे घर-परिवार का माहौल खुशनुमा बनेगा। संतान के दायित्व की पूर्ति होगी।

वृश्चिक राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह कर्म भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको पैतृक संपत्ति से लाभ मिल सकता है। नौकरी के क्षेत्र में आपको पदोन्नति के साथ मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। व्यापार से जुड़े हुए लोगों को लाभदायक समझौता होने की संभावना है। जमीन-जायदाद से संबंधित मामलों में आपको सफलता हासिल होगी। मार्केटिंग से जुड़े हुए लोगों के कामकाज आगे बढ़ेंगे। मित्रों के सहयोग से आपको लाभ प्राप्ति के योग बन रहे हैं। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी।

धनु राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह भाग्य भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको उन्नति के कई मार्ग हासिल हो सकते हैं। धर्म-कर्म के मामलों में रुचि बढ़ेगी। विदेश यात्रा पर जाने के योग बन रहे हैं। आप अपने कामकाज में पूरा ध्यान केंद्रित करेंगे। प्रभावशाली लोगों की मदद से आपको अच्छा फायदा मिलेगा। आत्मविश्वास मजबूत रहेगा। किसी महत्वपूर्ण मामले में आपके द्वारा लिया गया फैसला फायदेमंद साबित होगा। नए काम की शुरुवात के लिए ये समय शुभ है।

कुंभ राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह सप्तम भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको बेहतरीन फायदा मिलने की संभावना है। व्यापार से जुड़े हुए लोगों को भागीदारों के सहयोग से लाभ प्राप्ति के योग बन रहे हैं। राज्य सरकार से जुड़े हुए विभागों में कार्यो का निपटारा होगा। आप अपने सभी कार्य बेहतर ढंग से पूरा करेंगे। शादीशुदा जिंदगी में खुशियां बनी रहेंगी। ससुराल पक्ष से खुशखबरी मिलने की संभावना बन रही है। प्रेम संबंधित मामलों में आप भाग्यशाली साबित होंगे।

आइए जानते हैं बाकी राशियों की कैसी रहेगी स्थिति

मेष राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह पंचम भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको मध्यम फल की प्राप्ति होगी। आपका रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। घर-परिवार के बड़े सदस्य आपका पूरा सहयोग देंगे। आपको अपने गुप्त शत्रुओं से थोड़ा संभल कर रहना होगा क्योंकि यह आपको हानि पहुंचा सकते हैं। संतान की तरफ से चिंता बनी रहेगी। आप अपनी सेहत पर ध्यान दीजिए। छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देने की आवश्यकता है। किसी प्रतियोगी परीक्षा के लिए आपको अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है।

वृषभ राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह चतुर्थ भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको बेहद सावधानी बरतने की आवश्यकता है। किसी भी यात्रा के दौरान आप सावधान रहें अन्यथा सामान चोरी होने की संभावना बन रही है। आपको अपनी जरूरी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना होगा। संपत्ति से जुड़े हुए किसी मामले को लेकर आप थोड़ी चिंतित रहेंगे। आप बेवजह का तनाव ना लें। आपको अपना नजरिया सकारात्मक रखना होगा। इस समय के दौरान आपको संयम और धैर्य बनाए रखने की जरुरत है।

सिंह राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह का गोचर मिलाजुला रहने वाला है। आपका मन किसी बात को लेकर अशांत रहेगा। मानसिक चिंता अधिक होने के कारण कामकाज में ध्यान केंद्रित करना काफी कठिन हो सकता है। परिवार के लोगों के साथ आप किसी मांगलिक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। शादीशुदा जिंदगी सामान्य रहेगी। आपको अपनी वाणी पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता है अन्यथा किसी के साथ वाद-विवाद होने की संभावना बन रही है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करना होगा।

कन्या राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह बारहवें भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपको स्वास्थ्य संबंधित परेशानियों से गुजरना पड़ सकता है। घरेलू सुख-साधन में अधिक धन खर्च होने की संभावना बन रही है। लेन-देन के मामलों में आपको अधिक सावधानी बरतने की आवश्यकता है। विशेष रूप से आप किसी को भी पैसा उधार मत दीजिए अन्यथा आपको हानि हो सकती है। गुप्त शत्रु आपके कार्य बिगड़ने की कोशिश करेंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों में आपको मिलाजुला नतीजा हासिल होगा।

मकर राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह अष्टम भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपकी सेहत पर प्रभाव पड़ने वाला है। आप स्वास्थ्य के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही ना करें। कार्य क्षेत्र में षड्यंत्र के शिकार हो सकते हैं, इसलिए आपको संभल कर रहना होगा। विद्यार्थी वर्ग के लोगों को किसी प्रतियोगी परीक्षा में अच्छी खासी सफलता हासिल होगी। आर्थिक मामलों में आपको समझदारी से काम लेने की आवश्यकता है। आमदनी के अनुसार खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा। विलासिता पूर्ण वस्तुओं पर अधिक धन खर्च होने की संभावना बन रही है। धन का लेनदेन करने से बचें।

मीन राशि वाले लोगों की राशि में शुक्र ग्रह छठे शत्रु भाव में गोचर करेगा, जिसकी वजह से आपकी चिंता बढ़ सकती हैं। अधिक कर्ज के लेनदेन से दूर रहें अन्यथा आपको दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। कुछ लोग आपको हानि पहुंचाने की कोशिश करेंगे। कोर्ट कचहरी के मामलों से दूर रहें। किसी भी लंबी दूरी की यात्रा पर जाने से बचना होगा। वाहन के प्रयोग में लापरवाही मत कीजिए। प्रेम जीवन में किसी बात को लेकर गलतफहमी उत्पन्न हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button