बॉलीवुड

Love Story: इस लड़की के प्यार में पागल थे मोगैंबो अमरीश पुरी, देखें पूरे परिवार की तस्वीरें

अमरीश पुरी की गिनती बॉलीवुड के दिग्गज खलनायकों में होती है। उन्हें बॉलीवुड का मोगेंबो भी कहा जाता है। बड़े पर्दे पर उन्होंने अक्सर खूंखार विलेन वाले किरदार निभाए। हालांकि असल जिंदगी में वह इसके ऑपोजिट थे। वह एक सज्जन व्यक्ति थे जिन्हें सादा जीवन जीना पसंद था।

फिल्मों में हम उन्हें अक्सर शराब सिगरेट जैसी नशे की चीजों में धुत पाते थे। वह ऑनस्क्रीन कई लड़कियों को छेड़ते थे और उनकी इज्जत भी लुटते थे। लेकिन रियल लाइफ में उन्हें सिर्फ एक ही लड़की से प्यार था। वह इसी लड़की को जीवन भर दिल से चाहते रहे। यह लड़की और कोई नहीं बल्कि उनकी पत्नी उर्मिला दिवेकर थी। दोनों की लव मैरिज थी। और इनकी लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

पहली नजर में हुआ था अमरीश पुरी को प्यार

अमरीश पुरी के पोते वर्धान पुरी ने एक बार इंटरव्यू में अपने दादा दादी की प्रेम कहानी विस्तार से बताई थी। अमरीश पुरी एक्टर बनने से पहले एक बीमा कंपनी में क्लर्क की जॉब करते थे। यहां उनकी मुलाकात उर्मिला दिवेकर से हुई। उर्मिला को देखकर उन्हें पहली नजर का प्यार हो गया। पहले दोनों में दोस्ती हुई और फिर गहरा प्रेम हो गया। तब अमरीश पुरी की पर्सनालिटी किसी हीरो से कम नहीं थी इसलिए उर्मिला उनसे आसानी से इंप्रेस हो गई।

अमरीश पुरी पंजाब के रहने वाले थे जबकि उर्मिला साउथ इंडियन थी। ऐसे में लव मैरिज करना दोनों के लिए आसान नहीं था। उस जमाने में लोग लव मैरिज के लिए आसानी से नहीं मानते थे। लेकिन अमरीश पुरी उर्मिला को दिल दे चुके थे। इसलिए अपने प्यार की खातिर उन्होंने किसी तरह घरवालों को मना लिया। शादी के बाद अमरीश पुरी और उर्मिला एक साथ उसी कंपनी में काम करने लगे।

बीवी ने दिया संघर्ष के दिनों में साथ

अमरीश पुरी का सपना था कि वह एक एक्टर बने। इसलिए काम के साथ-साथ वह ऑडिशन देने भी जाया करते थे। लेकिन इस दौरान उन्हें हीरो की वजह विलेन के रोल ज्यादा मिले। अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उन्हें अपनी जॉब छोड़नी पड़ी। उन्होंने इंडस्ट्री में काम पाने के लिए बहुत संघर्ष किया। हालांकि उनकी आर्थिक खर्चों में पत्नी उर्मिला ने पूरी मदद की।

कई सालों के संघर्ष के बाद 41 वर्ष की उम्र में अमरीश पुरी ने सफलता का स्वाद चख लिया। वह बॉलीवुड में खलनायक के रूप में मशहूर होने लगे। हालांकि उन्हें इससे कोई दिक्कत भी नहीं थी। वह अक्सर कहा करते थे कि मैं फिल्मों में भले विलन बनू लेकिन घर में अपनी पत्नी का हमेशा हीरो रहूंगा। अमरीश पुरी ने हमेशा अपनी बीवी से बहुत प्यार किया। वह जब भी सेट पर आते थे तो सिर्फ अपनी बीवी के हाथ का बना खाना ही खाते थे।

‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘करण अर्जुन’ और ‘नायक : द रियल हीरो’ ‘मिस्टर इंडिया’ कुछ ऐसी फिल्में हैं जिनमें अमरीश पुरी ने यादगार रोल निभाए। फिल्म इंडस्ट्री को उस समय सबसे बड़ा झटका लगा जब 12 जनवरी 2005 को वह हमेशा के लिए दुनिया को अलविदा कह गए। उस समय वह 72 साल के थे। उनकी कमी आज भी इंडस्ट्री और फैंस को खलती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button