समाचार

7 फेरे लेने के बाद ठनका दुल्हन का दिमाग, चिल्लाकर बोली- मुझे लड़का पसंद नहीं.. नहीं करनी शादी

शादी जीवन का सबसे बड़ा फैसला होता है। इसे बहुत सोच समझकर ही लेना पड़ता है। लेकिन कई बार लोग इस फैसले को लेने में गलती कर देते हैं। ऐसे में शादी के बाद उनकी लाइफ बर्बाद हो जाती है। वहीं कुछ ऐसे भी होते हैं जो शादी के ठीक पहले फेरे लेने से इनकार कर देते हैं। आप ने भी कई ऐसी खबरें सुनी होगी जिसमें दुल्हन शादी के पहले भाग जाती है। या फिर फेरों के पहले शादी से इनकार कर देती है।

लेकिन आज हम आपको एक ऐसा अनोखा मामला बताने जा रहे हैं जिसमें दुल्हन ने फेरे लेने के बाद शादी से इनकार किया। मामला झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा का है। बात लगभग एक साल पुरानी है, लेकिन बड़ी दिलचस्प है। लड़का रांची का रहने वाला है। वहीं लड़की धुर्वा की है। दोनों के परिवारवालों ने शादी फिक्स की थी। तय तारिख पर दूल्हा बारात लेकर भी आ गया।

फेरों के बाद शादी से मुकर गई दुल्हन

लड़कीवालों ने बारात का दिल खोलकर स्वागत किया। बाराती भी इस आवभगत से खुश हुए। फिर जयमाला का कार्यक्रम हुआ। यहां भी स्टेज पर सबकुछ अच्छे से निपट गया। दूल्हा दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला पहना दी। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन मंडप में गए। पंडितजी ने मंत्र पढ़ना शुरू किए। दोनों के फेरे भी करवा दिए। लेकिन असली पंगा सुबह सिंदूरदान की रस्म में हुआ।

सिंदूरदान की रस्म के दौरान दुल्हन अचानक से भड़क गई। वह चौक पर खड़ी हुई और बोली ‘मुझे लड़का बिल्कुल पसंद नहीं है।’ इतना कहकर वह घर के अंदर चली गई। दुल्हन की ये बात सुन वर पक्ष हक्का बक्का रह गया। उन्हें समझ नहीं आया कि ये क्यों और कैसे हुआ? इसके बाद सभी ने दुल्हन को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं मानी।

दूल्हे के पिता ने मांगे खर्चे के पैसे

शादी को रद्द होता देख दूल्हे के पिता ने खर्चे के पैसे मांग लिए। बोला लड़की को लड़का पसंद नहीं था तो पहले बताना था। फालतू का खर्चा किया। समाज में बदनामी भी हुई। इस बीच किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी। पुलिस मौके पर आई। दोनों पक्षों का समझौता कराने की कोशिश की। लेकिन शादी तो नहीं हो सकी। मजबूरी में दूल्हे को बिना दुल्हन के ही घर लौटना पड़ा।

इस मामले पर दुल्हन के पिता ने कहा कि हमारी बेटी को लड़का अच्छा नहीं लगा। हालांकि उसने ये बात हमे नहीं बताई। यदि वह पहले ये सब बोल देती तो ये नौबत नहीं आती। वह हमारी इकलौती बेटी है। हम उसके साथ कोई जबर्दस्ती नहीं करते। यदि वह पहले ही शादी करने से मना कर देती तो हम लड़केवालों को इसकी सूचना दे देते।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button