अध्यात्म

करवा चौथ पर इनमें से एक भी चीज लें आएं घर, वैवाहिक जीवन रहेगा खुशहाल, बढ़ेगी सुख-समृद्धि

करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत ही खास होता है। हिंदू पंचांग के मुताबिक, कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर हर साल करवा चौथ का त्यौहार मनाया जाता है। इस बार करवा चौथ का व्रत 13 अक्टूबर 2022 को रखा जाएगा। हिंदू धर्म में भी करवा चौथ के व्रत का विशेष महत्व माना गया है। यह त्यौहार सुहागिन महिलाओं के लिए प्रेम, त्याग और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।

करवा चौथ के त्यौहार में सुहागिन महिलाएं सुबह से ही व्रत का संकल्प लेते हुए शाम को चंद्रमा के दर्शन और पूजा के बाद अपना व्रत खोलती हैं। यह व्रत ज्यादातर उत्तर भारत के राज्यों में विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड में बड़े ही उत्साह और जोश के साथ मनाया जाता है। करवा चौथ की ड्रेस, पूजा की थाली, सरगी से लेकर गिफ्ट खरीदने तक के लिए महिलाएं कई दिनों पहले से ही तैयारियों में जुट जाती हैं।

इस त्यौहार पर पति अपनी पत्नी को और पत्नी अपने पति को उपहार देते हैं क्योंकि करवा चौथ व्रत पति की लंबी आयु और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए रखा जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जो करवा चौथ के दिन अगर घर पर लाई जाएं, तो यह बहुत शुभ फल देते हैं। अगर इन चीजों को करवा चौथ के दिन घर लाया जाए, तो इससे वैवाहिक जीवन खुशहाल रहता है। इतना ही नहीं बल्कि जीवन में सुख-समृद्धि में वृद्धि होती है।

बिछिया

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं भारतीय संस्कृति और धर्म में बिछिया को सुहागिन महिलाओं का अहम श्रृंगार माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि किसी भी महिला का सोलह श्रृंगार पैर में पहने जाने वाले बिछिया के बिना अधूरा रहता है। अगर करवा चौथ के त्यौहार पर चांदी की नई बिछिया खरीदकर पहना जाए तो यह बहुत ही शुभ माना जाता है। इससे पति की आयु लंबी होती है। पति भी अपनी पत्नी को करवा चौथ के दिन बिछिया उपहार के रूप में दे सकते हैं। ऐसा करने से दोनों के सौभाग्य में वृद्धि होती है।

कांच की लाल चूड़िया या ड्रेस

हिंदू धर्म में सुहाग का रंग लाल रंग को बताया गया है। अगर करवा चौथ के त्यौहार के दिन लाल रंग की साड़ी, लहंगा, सूट और लाल चूड़ियां पहना जाए तो यह बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इससे नकारात्मक ऊर्जा का नाश हो जाता है और जीवन में उत्साह और खुशियां आती हैं। करवा चौथ के दिन कांच की लाल चूड़ियां या ड्रेस घर खरीद कर जरूरी लाइए।

मोरपंख

ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में मोर पंख के ऐसे बहुत से कारगर उपाय और टोटके के बारे में बताया गया है, जिससे दांपत्य जीवन की परेशानियां दूर हो सकती हैं। शास्त्रों के मुताबिक, करवा चौथ वाले दिन मोर पंख घर में लाना बहुत शुभ होता है। आप मोर पंख को बेडरूम में या फिर लिविंग रूम की दीवार पर ऐसी जगह पर लगाएं जहां पति-पत्नी की दिन में बार-बार नजर पड़े। ऐसा करने से पति-पत्नी के बीच प्रेम बढ़ता है।

रजनीगंधा का पौधा

वास्तु शास्त्र में रजनीगंधा के पौधे को वैवाहिक जीवन के लिए बहुत शुभ बताया गया है। ऐसा कहा जाता है कि रजनीगंधा का पौधा पति-पत्नी के रिश्ते में मिठास घोलने का काम करता है। अगर करवा चौथ के दिन आप अपने घर में रजनीगंधा का पौधा लेकर आएं, तो इससे आपकी शादीशुदा जिंदगी में प्यार बढ़ेगा। इसके साथ ही धन-दौलत में भी वृद्धि होती है।

करवा चौथ के दिन इस बात का ध्यान रखें

करवा चौथ वाले दिन इस बात का विशेष रूप से ध्यान रखना होगा कि आप इस दिन सफेद या काले रंग की कोई भी चीज ना खरीदें और ना ही पहने। इसके अलावा इस दिन धारदार चीजें जैसे चाकू, कैंची, सुई आदि की खरीदारी नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह करना अशुभ माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button