मनोरंजन

कोख में ही मारना चाहती थी मां, लोगों ने उड़ाया मजाक, सबको हंसाने वाली भारती ने खूब सहे हैं जख्म

हिंदी की मशहूर कॉमेडियन और एंकर भारती सिंह अक्सर ही अपने जोक्स से हर किसी का मनोरंजन करती रहती हैं। भारती सिंह ने अपनी बेहतरीन कॉमेडी के दम पर अच्छी खासी पहचान बनाई है। इन्होंने बिना किसी गॉडफादर के अपने बलबूते ही इंडस्ट्री में अपने आपको स्थापित किया है। एक छोटे से शहर से आकर इंडस्ट्री में अच्छा नाम कमाने वाली भारती सिंह ने अपने जीवन में बहुत से कठिनाइयों का सामना करते हुए आज यह मुकाम हासिल किया है।

आज हम भारती सिंह को जितना मुस्कुराते हुए देखते हैं, उनकी जिंदगी का सफर उतना ही मुश्किल रहा है। भारती ने टीवी इंडस्ट्री के उस भ्रम को तोड़ दिया, कि केवल बाहरी सुंदरता से ही आप मशहूर हो सकते हैं। मौजूदा समय में पूरा देश भारती सिंह को अच्छी तरह से जानता है परंतु उनकी इस कामयाबी का यह सफर इतना आसान बिल्कुल भी नहीं रहा था।

शायद भी किसी को इस बात का पता होगा कि भारती सिंह की मां उन्हें कोख में ही मार देना चाहती थीं। लेकिन इस लड़की ने अपनी मौत को हरा दिया, जिसके साथ ही उन्हें अपने जीवन की पहली कामयाबी जन्म के साथ ही हासिल हो गई थी। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से भारती सिंह के जीवन के संघर्षों की कहानी के बारे में बताने जा रहे हैं।

बचपन में ही सिर से उठ गया पिता का साया

भारती सिंह का जन्म 3 जुलाई 1986 को पंजाब के शहर अमृतसर में हुआ था। भारती सिंह का बचपन काफी संघर्षपूर्ण व्यतीत हुआ है। जब भारती की उम्र बहुत छोटी थीं, तब उनके पिता इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर चले गए थे। जब पिता की मृत्यु हो गई तो उसके बाद भारती सिंह की मां कमला सिंह ने परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी संभाली।

आपको बता दें कि आज कॉमेडियन के रूप में भारती सिंह दुनिया भर में मशहूर हो चुकी हैं परंतु वह राष्ट्रीय स्तर की शूटर भी रह चुकी हैं। इतना ही नहीं बल्कि वह शूटिंग में गोल्ड मेडल भी हासिल कर चुकी हैं।

वजन को लेकर उड़ाया गया मजाक

भारती सिंह ना सिर्फ प्रतिभावान हैं, बल्कि वह साहसी भी हैं। हमेशा से ही भारती सिंह के वजन को लेकर लोगों ने मजाक उड़ाया था। लेकिन एक छोटे से शहर से निकलकर मुंबई का सितारा बन जाना कम साहस की बात नहीं होती है। भारती सिंह दूसरों का मजाक बनाकर लोगों को खूब हंसाया है लेकिन सबसे पहले उन्होंने खुद पर मजाक किया था। लोग उनके वजन पर तरह तरह की टिप्पणियां किया करते थे लेकिन भारती सिंह सबको अनसुना करते हुए लगातार आगे बढ़ते चली गईं।

परिवार वाले कोख में ही मार देना चाहते थे

भारती सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि उनकी मां जन्म से पहले ही उन्हें मार देना चाहती थी। भारती सिंह ने बताया था कि उनके परिवार के लोग ही उन्हें पैदा नहीं करना चाहते थे। जिन दिनों भारती का जन्म हुआ उन दिनों देश भर में एक नारा जोरों पर था “हम दो हमारे दो।” आपको बता दें कि भारती सिंह से पहले उनके दो भाई-बहन थे और वह अपने माता-पिता की तीसरी संतान के रूप में जन्म लेने वाली थीं।

भारती सिंह ने बताया था कि उन्हें उनकी मम्मी ने कहा था कि वह उनको पैदा नहीं करना चाहती थीं। भारती सिंह के अनुसार, उनकी मम्मी ने सिर्फ ऐसा कहा ही नहीं था बल्कि ऐसा करने की उन्होंने कोशिश भी की। इसके लिए उन्होंने खूब दवाइयां खाईं, अबॉर्शन का प्रयास किया। लेकिन भारती अपनी मां की कोख में भी अपने काल से लड़ती रहीं। आज भारती सिंह की मां को अपने उस फैसले पर बहुत अफसोस होता है।

नेशनल लेवल की राइफल शूटर और तीरंदाज रह चुकी हैं भारती

भले ही आज भारती सिंह एक कॉमेडियन के रूप में पहचान रखती हैं परंतु वह हमेशा से स्पोर्ट्स पर्सन में जाना चाहती थीं। आपको बता दें कि भारती सिंह नेशनल लेवल की राइफल शूटर और तीरंदाज भी रह चुकी हैं। लेकिन उनकी मजबूरी थी जो उन्होंने यह हुनर सीखा। भारती सिंह ने इस संबंध में बताते हुए कहा कि एक बार वह एक बड़े कॉलेज में गई थीं।

वह स्कूल से ही एनसीसी करती थीं इसलिए उन्हें इससे जुड़े लोग जानते थे। यहां उन्हें एक मैडम ने कहा कि वह उनके कॉलेज में दाखिला ले लें। लेकिन भारतीय सिंह ने कहा कि वह बड़े लोगों का कॉलेज था। वहां अमीर लोगों के बच्चे पढ़ते थे इसलिए उन्होंने मना कर दिया। लेकिन उनकी वह मैडम नहीं मानी और उन्होंने भारती से कहा कि वह अपने सर्टिफिकेट लेकर कॉलेज आ जाएँ। मैडम ने यह भी कहा कि उनकी फीस माफ कर दी जाएगी।

जब भारती सिंह ने मुफ्त शिक्षा के बारे में सुना तो वह भी हैरत में पड़ गई थीं, उन्हें यह बात समझ नहीं आ रही थी कि स्पोर्ट्स के जरिए वह अपनी जिंदगी में कुछ अच्छा कर सकती हैं। बस यही सोचकर वह और ज्यादा मेहनत करने में जुट गईं। उन्हें आगे की मुफ्त शिक्षा का लाभ मिलता रहे, इसी वजह से उन्होंने स्पोर्ट्स पर ध्यान दिया। भारती सिंह इस प्रकार से आगे बढ़ते रहीं और उन्होंने तीरंदाजी और राइफल शूटिंग की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई बार जीतीं।

ऐसे हुई करियर की शुरुआत

साल 2008 में भारती सिंह ने बतौर कॉमेडियन अपने करियर की शुरुआत की थी। उस वक्त कॉमेडी शो “द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज” में भारती ने एक प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लिया था। बस यही तो उनके करियर के सफर की शुरुआत हुई थी। भले ही वह इस शो की विजेता ना बन पाईं परंतु इस शो के माध्यम से ही उनकी सफलता के मार्ग खुल गए। इसके बाद उन्होंने “कॉमेडी सर्कस” का रुख किया और यहां से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाने की शुरुआत कर दी।

जब साल 2012 में झलक दिखला जा के पांचवे सीजन में बतौर एक प्रतियोगी भारती सिंह नजर आईं, तब उन्होंने सभी लोगों को हैरान कर दिया था। भारती सिंह एक और चर्चित डांस शो “नच बलिए” का हिस्सा भी रह चुकीं हैं। लेकिन “द कपिल शर्मा शो” में भारती सिंह के योगदान को हर कोई अच्छी तरह से जानता है। वहीं बतौर होस्ट भारती ने इंडियाज गोट टैलेंट सीजन 7 और झलक दिखला जा जैसे कई लोकप्रिय शो में काम किया है। आज वह इस इंडस्ट्री का काफी बड़ा और जाना माना नाम बन चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button