समाचार

UP : रसमलाई खाने के बाद 100 लोग बीमार, 13 अब भी गंभीर, 20 मिनट में हुई दूल्हा-दुल्हन की शादी

गोरखपुर : देश में शादी-ब्याह और त्यौहार के सीजन के बीच कई हिस्सों में अप्रिय घटनाएं भी देखने और सुनने को मिल रही है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हाल ही में एक शादी समारोह में खाना खाने के बाद 100 से अधिक लोग बीमार हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गोरखपुर में एक शादी समारोह में रसमलाई खाने से 100 से भी ज्यादा मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें बच्चे, बूढ़े महिलाएं सभी शामिल है। बताया जा रहा है कि अब भी अस्पताल में 13 बच्चों का इलाज चल रहा है। सभी को गोरखपुर के पिपराइच के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था।

गंभीर मरीजों को बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल व बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जानकारी मिली है कि अब भी 13 बच्चे अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों द्वारा फूड प्वायजनिंग (विशाक्त भोजन) की आशंका जताई गई है। फिलहाल खाद्य विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।

बता दें कि गोरखपुर के पिपराइच के गोदावरी मैरेज हॉल में रविवार की रात शादी समारोह था। यहां गोपालपुर के रामअचल श्रीवास्तव की बेटी मोनी की शादी महराजगंज के अशोक श्रीवास्तव के बेटे अमित श्रीवास्तव से हुई। हालांकि इससे पहले बड़ा बखेड़ा खड़ा हो गया था।

शादी में सैकड़ों की संख्या में लोग खाना खाने पहुंचे थे। पहले मेहमानों को नाश्ते में रसमलाई दी गई। रसमलाई खाने के 20 मिनट बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोग उल्टियां करने लगे। आनन-फानन में मरीजों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पिपराइच भेजा गया। जबकि गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने सील किया मैरिज हॉल

पिपराइच के जिस गोदावरी मैरिज हॉल में यह शादी और घटना हुई उसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सील कर दिया है। पुलिस ने उस कमरे को भी सील कर दिया जिसमें खाने का सामान रखा हुआ था। पुलिस और खाद्य विभाग ने खाने का सामान अपने कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी थी।

मैरिज हॉल में पसरा सन्नाटा

शादी के मौके पर सभी लोगों के बीच खुशी का माहौल था। शादी में डीजे बज रहे थे और शोर शराबे के बीच लोग लुत्फ़ उठा रहे थे लेकिन रसमलाई खाने के बाद शादी समारोह में मातम पसर गया।

आनन-फानन में 20 मिनट में हुई दूल्हा-दुल्हन की शादी

100 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने के बाद शादी समारोह में खलल पड़ गया। इससे दूल्हा-दुल्हन की शादी भी खतरे में पड़ती हुई नजर आ रही थी। हालांकि जल्दबाजी में देर रात मैरिज हॉल खुलवाकर दूल्हा-दुहन की शादी महज 20 मिनट में ही करवा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button